अलीगढ़। गुरु पूर्णिमा के पावन एवं पवित्र पर्व पर न्यू राधा कृष्ण सेवा समिति के तत्वावधान में आगरा रोड स्थित नगला भूस के वृद्ध आश्रम में धार्मिक एवं सामाजिक सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आश्रम में रह रहे सभी बुजुर्गों का चंदन का तिलक लगाकर एवं सम्मानस्वरूप पटका पहनाकर अभिनंदन किया। इस आत्मीय सम्मान से वृद्धजनों के चेहरे खुशी और संतोष से खिल उठे।
कार्यक्रम का शुभारंभ आश्रम परिसर स्थित मंदिर में भगवान के समक्ष माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन एवं वंदना के साथ हुआ। इसके बाद समिति के सदस्यों ने सभी बुजुर्गों के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। बुजुर्गों ने समिति के इस सेवा भाव की सराहना करते हुए अपना स्नेह और आशीर्वाद प्रदान किया।
इसके उपरांत समिति द्वारा सभी वृद्धजनों के लिए स्वादिष्ट दोपहर के भोजन एवं महाप्रसाद की व्यवस्था की गई। सभी ने प्रेमपूर्वक प्रसाद ग्रहण किया और आयोजन की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक पौरुष ने कहा कि गुरु पूर्णिमा केवल गुरु वंदन का पर्व नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार और सम्मान का संदेश देने वाला महान अवसर है। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों की सेवा भारतीय संस्कृति की अमूल्य परंपरा है और प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व भी।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सलाहकार धीरज पाण्डेय, जिला अध्यक्ष रण सिंह सिसोदिया, जिला कोषाध्यक्ष प्रमोद कुमार, जिला संरक्षक एवं आरबीएस पब्लिक स्कूल, हाथरस के डायरेक्टर राजकुमार सिंह, जिला सचिव ओमवीर सिंह, पवन कुमार, मोहन लाल दुबे, नीरज कुशवाहा, दीपक पाण्डेय, सुनील कुमार, एडवोकेट ए.के. शर्मा सहित समिति के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
वृद्ध आश्रम की ओर से प्रबंधक नीतू मिश्रा, भंडार प्रभारी कोमल सिंह, सुरक्षाकर्मी प्रद्युम्न, रसोइया शनी तथा अन्य सहयोगियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। उन्होंने समिति के इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम केवल भोजन वितरण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाज में सेवा, संस्कार, सम्मान और मानवीय मूल्यों को सुदृढ़ करने का प्रेरणादायी संदेश देकर सभी के लिए अनुकरणीय उदाहरण बन गया।





















