जानलेवा फायरिंग का मुकदमा दर्ज, आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें गठित
अलीगढ़। थाना गभाना क्षेत्र के गांव रसीदपुर गोरना में मंगलवार को सड़क के बीच पाइप बिछाने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। हालांकि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
फायरिंग की सूचना मिलते ही थाना गभाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी जुटाई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों पक्षों के बीच सड़क के बीच पाइप बिछाने को लेकर कहासुनी हुई थी, जो बाद में हिंसक विवाद में बदल गई।
पुलिस के अनुसार, प्रथम पक्ष द्वारा द्वितीय पक्ष पर जान से मारने की नीयत से फायर किया गया। घटना के संबंध में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमों का गठन कर दबिश दी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य है और शांति व्यवस्था कायम है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।





















