एसएसपी के निर्देश पर जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान, प्रमुख चौराहों व धार्मिक स्थलों पर बढ़ाई निगरानी
अलीगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अलीगढ़ के निर्देशन में जिलेभर में अपराध नियंत्रण, शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत समस्त जोनल चेकिंग टीमें संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गहन जांच कर रही हैं। इसके साथ ही प्रमुख चौराहों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, धार्मिक स्थलों तथा रात्रि गश्त में तैनात मोबाइल पुलिस, पिकेट और पीआरवी की ड्यूटी का भी निरीक्षण किया जा रहा है।
इसी क्रम में एसएचओ क्राइम दिनेश कुमार सिसोदिया अपनी टीम के साथ वसंत विहार चौराहे पर सघन चेकिंग अभियान चलाते नजर आए। पुलिस टीम ने आने-जाने वाले वाहनों की जांच की, संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की तथा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना, असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखना तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। एसएसपी के निर्देश पर यह अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।





















