रसूलपुर में ट्रांसफार्मर पर चढ़कर किया था प्रदर्शन, अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर कराया समाधान
हाथरस। हसायन ब्लॉक क्षेत्र के गांव रसूलपुर में खराब ट्रांसफार्मर को लेकर बिजली विभाग के खिलाफ पूर्व प्रधान का अनोखा विरोध रंग लाया। विभागीय अधिकारियों द्वारा समस्या का समाधान नहीं किए जाने से नाराज पूर्व प्रधान खराब ट्रांसफार्मर पर चढ़ गए, जिससे विभाग में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और नया ट्रांसफार्मर मंगवाकर लगवाया। ट्रांसफार्मर स्थापित करने के बाद बिजली आपूर्ति की जांच कर सप्लाई सुचारु रूप से चालू करा दी गई।
समस्या का समाधान होने के बाद पूर्व प्रधान सुरक्षित ट्रांसफार्मर से नीचे उतर आए। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद विभाग ने उनकी बात नहीं सुनी, इसलिए अधिकारियों तक अपनी आवाज पहुंचाने के लिए उन्हें यह कदम उठाना पड़ा।
नया ट्रांसफार्मर लगने और बिजली आपूर्ति बहाल होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। वहीं विभागीय अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि भविष्य में ऐसी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।





















