हाथरस। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों की स्वास्थ्य सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से प्रारंभ की गई मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना एवं शिक्षकों की सामाजिक सुरक्षा के लिए पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के साथ अनुबंध संबंधी कार्यक्रम का आयोजन बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सिकंद्राराऊ विधायक वीरेन्द्र सिंह राणा ने की। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी, जिला विकास अधिकारी पी.एन. यादव तथा अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रकाश चंद्र सहित उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान जनपद आगरा स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के खंदारी परिसर से आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का कलेक्ट्रेट सभागार में सजीव प्रसारण भी प्रदर्शित किया गया। उपस्थित शिक्षकों एवं अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के संबोधन को देखा और योजना की जानकारी प्राप्त की।
वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना से शिक्षकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जबकि पीएनबी के साथ हुए अनुबंध से उनकी सामाजिक सुरक्षा को भी मजबूती मिलेगी। इससे शिक्षकों को चिकित्सा संबंधी आर्थिक परेशानियों से राहत मिलने के साथ-साथ कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी अधिक प्रभावी ढंग से प्राप्त होगा।





















