एस एस पी ने आवास, वेतन, चिकित्सा, अवकाश व स्थानांतरण से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश
अलीगढ़। पुलिसकर्मियों के कल्याण और उनकी कार्यक्षमता को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अलीगढ़ ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय में सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया। सम्मेलन में जिले के विभिन्न थानों, शाखाओं और इकाइयों से आए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।
सम्मेलन के दौरान पुलिसकर्मियों ने आवास, चिकित्सा सुविधा, वेतन, अवकाश, स्थानांतरण, पारिवारिक समस्याओं तथा विभागीय कार्यों से जुड़े विभिन्न मुद्दे एसएसपी के समक्ष रखे। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिसकर्मियों का मनोबल एवं कल्याण विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में जिन मामलों का समाधान मौके पर संभव था, उनका तत्काल निस्तारण कराया गया। वहीं शेष प्रकरणों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने अधिकारियों से कहा कि पुलिसकर्मियों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाया जाए, ताकि वे बिना किसी मानसिक तनाव के अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से अनुशासन, ईमानदारी एवं जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने की भी अपील की।
सम्मेलन के अंत में एसएसपी ने कहा कि एक संतुष्ट और प्रेरित पुलिस बल ही प्रभावी कानून-व्यवस्था कायम रख सकता है। इसी उद्देश्य से सैनिक सम्मेलन नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि पुलिसकर्मियों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो और उनकी कार्यक्षमता में निरंतर सुधार हो सके।





















