एसएसपी अलीगढ़ के निर्देशन में प्रमुख चौराहों, प्रतिष्ठानों और धार्मिक स्थलों पर बढ़ाई गई निगरानी
अलीगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अलीगढ़ के निर्देशन में जिलेभर में अपराध नियंत्रण, शांति एवं कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना मडराक प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र कुमार पाण्डेय ने पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गहन जांच की गई। इसके साथ ही प्रमुख चौराहों, बाजारों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। रात्रि गश्त में तैनात मोबाइल पुलिस, पिकेट एवं पीआरवी की ड्यूटियों को भी चेक कर पुलिसकर्मियों को सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए।
थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार पाण्डेय ने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पुलिस कर्मियों को संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई करने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना बनाए रखने के निर्देश दिए।
पुलिस का यह विशेष अभियान लगातार जारी है, जिससे अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा का वातावरण कायम रहे।





















