अलीगढ़ पुलिस ने पशु चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की तीन भैंसें, वारदात में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन तथा फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की है। आरोपी चोरी के दौरान पहचान छिपाने के लिए वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर वारदात को अंजाम देते थे।
वहीं, थाना इगलास क्षेत्र में शुक्रवार तड़के पीआरवी-6789 को सुबह 5:13 बजे इवेंट नंबर P24072601680 के माध्यम से सूचना मिली कि शाहपुर ठठोई निवासी एक व्यक्ति की दो भैंसें चोरी हो गई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें सक्रिय हो गईं और लगातार खोजबीन शुरू की गई।
पुलिस की तत्परता और अथक प्रयासों के चलते मात्र चार घंटे के भीतर दोनों चोरी हुई भैंसों को सेवनपुर बहद जंगल क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया। बरामद भैंसों को उनके स्वामी सुरेंद्र सिंह पुत्र महेंद्र सिंह, निवासी शाहपुर ठठोई, थाना इगलास,हाल निवासी सेवनपुर रोड, कस्बा इगलास के सुपुर्द कर दिया गया।
भैंसें वापस मिलने पर पशुपालक ने अलीगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।





















