दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी आगरा डॉ. अरुण कुमार श्रीवास्तव ने गुरुवार को फतेहाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं, ओपीडी, वार्ड और दवा वितरण का बारीकी से जायजा लिया।
सीएमओ ने ओपीडी पहुंचकर मरीजों की उपस्थिति देखी और चिकित्सकों से इलाज की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। इसके बाद वार्डों का निरीक्षण कर भर्ती मरीजों से सुविधाओं के बारे में पूछताछ की।
उन्होंने चिकित्सकों को मरीजों से शालीनता से बात करने, समय से इलाज करने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
डॉ. श्रीवास्तव ने दवा काउंटर पर जाकर दवाओं की उपलब्धता और वितरण की जानकारी ली। उन्होंने यह सुनिश्चित करने को कहा कि मरीजों को सभी जरूरी दवाएं समय पर उपलब्ध हों।
सीएमओ ने जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत आशा कार्यकत्रियों के साथ बैठक की। बैठक में बड़ी संख्या में आशा कार्यकत्रियां मौजूद रहीं।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी लाभार्थियों के बैंक खाते जल्द उपलब्ध कराए जाएं, ताकि जननी सुरक्षा योजना का भुगतान शीघ्र किया जा सके।
इस दौरान सीएचसी अधीक्षक डॉ. अभिषेक चौहान सहित तमाम डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।
सीएमओ डॉ. अरुण कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना शासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





















