अलीगढ़। स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप देने और स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से नगर निगम ने अलीगढ़ स्वच्छता वॉरियर्स प्रीमियर लीग (ASWPL)-2026 का भव्य शुभारंभ किया। नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश ने फीता काटकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता में नगर निगम के सफाई कर्मियों और स्वच्छता योद्धाओं ने खेल भावना के साथ बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मैदान पर रोमांचक मुकाबले देखने को मिले, जहां खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य खेल के माध्यम से स्वच्छता, स्वास्थ्य और टीम भावना का संदेश आमजन तक पहुंचाना रहा।
प्रतियोगिता के समापन पर विजेता एवं उपविजेता टीमों के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को शील्ड देकर सम्मानित किया गया। नगर आयुक्त ने कहा कि स्वच्छ शहर का निर्माण तभी संभव है जब प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझते हुए स्वच्छता अभियान से जुड़े। उन्होंने कहा कि खेल लोगों को जोड़ने के साथ-साथ सामाजिक संदेश देने का भी प्रभावी माध्यम है और नगर निगम भविष्य में भी इस तरह के जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।





















