दिलशाद समीर संवाददाता आगरा
फतेहपुर सीकरी/आगरा। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर विश्व धरोहर फतेहपुर सीकरी का ऐतिहासिक दीवान-ए-आम परिसर शनिवार को योगमय हो गया। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के नेतृत्व में हुए भव्य आयोजन में सांसद राजकुमार चाहर, ASI अधिकारियों, सीकरी थाना प्रभारी आनंद बीर और सैकड़ों क्षेत्रवासियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ तन-मन का संदेश दिया।
सांसद ने दिलाया नियमित योग का संकल्प
कार्यक्रम की शुरुआत सांसद राजकुमार चाहर ने की। उन्होंने योगासन और प्राणायाम के साथ लोगों का आत्मविश्वास बढ़ाया। सांसद ने कहा, _”तनावमुक्त और स्वस्थ जीवन के लिए योग सबसे कारगर उपाय है। स्वस्थ शरीर से ही सुरक्षित समाज का निर्माण होगा।”_ इस दौरान ASI अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने रोज़ाना योग करने का संकल्प लिया।
दीवान-ए-आम में दिखा फिटनेस का जुनून
सुबह 6 बजे से ही दीवान-ए-आम में लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में सभी ने ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन और अनुलोम-विलोम किया। ASI मोन्यूमेंट में गूंजे योग मंत्रों और अनुशासन ने पूरे माहौल को सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया।
थाना प्रभारी ने दिया एकता का संदेश
सीकरी थाना प्रभारी आनंद बीर ने भी स्टाफ के साथ योग किया। उन्होंने कहा कि योग सिर्फ फिटनेस नहीं, बल्कि एकता और अनुशासन का प्रतीक है। पुलिस और जनता का एक साथ योग करना समाज में बेहतर तालमेल का संदेश देता है।
क्षेत्रवासियों में दिखा गजब का उत्साह
स्थानीय महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। लोगों ने कहा कि ऐतिहासिक जगह पर योग कर गर्व महसूस हुआ। ASI द्वारा की गई व्यवस्थाओं की भी सभी ने सराहना की।





















