दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार कार आगे चल रही कार से टकरा गई। हादसे में एक ही कार में सवार तीन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची यूपीडा की टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
शुक्रवार रात करीब 2:23 बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 21+400 लेफ्ट हैंड साइड पर दिल्ली से प्रतापगढ़ जा रही एक डिजायर कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कार को कानपुर देहात के समायूं निवासी योगेंद्र सिंह चला रहे थे। उनके साथ प्रेम नारायण निवासी संग्रामपुर, कालाकांकर प्रतापगढ़ तथा उनका पुत्र विकास कुमार कोरी भी सवार थे।
बताया गया कि कार की रफ्तार अधिक थी। इसी दौरान स्पीड ब्रेकर के पास चालक संतुलन नहीं बना सका और आगे चल रही स्विफ्ट कार में पीछे से टक्कर मार दी। स्विफ्ट कार को कार्तिक निगम निवासी बर्रा, कानपुर नगर चला रहे थे, जो नोएडा से कानपुर जा रहे थे।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में डिजायर कार में सवार योगेंद्र सिंह, प्रेम नारायण और विकास कुमार घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी राधामोहन द्विवेदी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य कर घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे यूपीडा टीम ने वाहनों को हटवाकर सुचारु कराया। घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





















