जिला नजर संवाददाता
हाथरस। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में जिलाधिकारी अतुल वत्स ने आमजन की शिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुना। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने राजस्व, विकास, विद्युत, पेयजल, भूमि विवाद एवं अन्य विभागों से संबंधित समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।
जिलाधिकारी ने प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करने तथा शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष एवं प्रभावी निस्तारण किया जाए।
अतुल वत्स ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता बरती जाए तथा पीड़ितों को उनकी समस्याओं के समाधान की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को त्वरित राहत प्रदान करना प्रशासन की प्राथमिकता है।





















