दैनिक जिला नगर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। कस्बा फतेहाबाद में शुक्रवार को मातेश्वरी अहिल्याबाई होलकर जी की 301वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर बघेल समाज द्वारा विशाल शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का शुभारंभ बाह रोड स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस से हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल पहुंचे। उन्होंने मातेश्वरी अहिल्याबाई होलकर जी के चित्र पर माल्यार्पण कर आरती उतारी और पूर्व ब्लॉक प्रमुख राकेश धनगर डॉक्टर गणेश बघेल के साथ संयुक्त रूप से फीता काटकर शोभायात्रा को रवाना किया।
शोभायात्रा पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस से प्रारंभ होकर बाह रोड, सदर बाजार, गांधी चौक, अंबेडकर चौक, अवंती बाई चौक होते हुए हरी गार्डन पर संपन्न हुई। कस्बे में जगह-जगह शोभायात्रा का पुष्प वर्षा कर जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में बघेल समाज के गणमान्य लोग, महिलाएं और युवा शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व ब्लॉक प्रमुख राकेश धनगर ने कहा, “महापुरुषों के आदर्श हमें आत्मसात करने चाहिए, क्योंकि उनके आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं।” उन्होंने बघेल समाज से संगठित रहने की भी अपील की।
शोभायात्रा में शामिल लोगों ने मातेश्वरी अहिल्याबाई होलकर के त्याग, न्यायप्रियता और लोक कल्याण के कार्यों को याद किया। पूरे कस्बे में उत्सव का माहौल रहा। शोभा यात्रा में एक दर्जन से अधिक धार्मिक झांकियां निकाली गई जो लोगों के आकर्षण का केंद्र रही





















