दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। निबोहरा के ग्राम लालपुरा में कच्ची दीवार गिरने से उसके सहारे सो रही एक वृद्धा की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम लालपुरा निवासी रामकली पत्नी स्वर्गीय रणवीर सिंह बाल्मिक अपने घर के बरामदे में एक दीवार के सहारे सो रही थीं।

इसी दौरान अचानक पड़ोसी की कच्ची दीवार गिर गई। गिरते समय दीवार पोल से टकराई और पोल भरभरा कर रामकली की दीवार पर गिर पड़ा, जिससे उनकी दीवार भी ढह गई। दीवार के नीचे दबने से रामकली गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबे से निकालकर उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा। उपचार के दौरान रामकली ने दम तोड़ दिया।
सूचना पर निबोहरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





















