दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा: कस्बा स्थित जनता इंटर कॉलेज के समीप आयोजित नौ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव के पांचवें दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
कथा व्यास भागवताचार्य संत लोकेशानंद जी महाराज ने श्रीमद्भागवत महापुराण के विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति और सदाचार का संदेश दिया।
कथा के दौरान महाराज श्री ने जड़ भरत कथा, अजामिल चरित्र, प्रह्लाद चरित्र, रघुगण-भरत संवाद, प्रियव्रत चरित्र तथा वंशानु कथा का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने कहा कि भगवान की भक्ति और सत्कर्म ही मनुष्य जीवन का वास्तविक आधार हैं।

अजामिल और प्रह्लाद के प्रसंगों के माध्यम से उन्होंने बताया कि सच्ची श्रद्धा और भगवान के नाम का स्मरण व्यक्ति के जीवन को सफल बना देता है।भागवताचार्य ने गृहस्थ धर्म की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि परिवार और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए ईश्वर भक्ति करना ही आदर्श जीवन की पहचान है। कथा श्रवण के दौरान श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर दिखाई दिए।
कथा के समापन पर परीक्षित सुभाष पैगोरिया, संजीव पैगोरिया, प्रदीप पैगोरिया, रवि पैगोरिया एवं विनोद पैगोरिया ने श्रीमद्भागवत महापुराण की विधि-विधान से आरती उतारी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।





















