गोविंद पाराशर – संवाददाता आगरा
खेरागढ़/आगरा। खेरागढ़ नगर पंचायत क्षेत्र में लगातार बाधित हो रही विद्युत आपूर्ति के कारण जलापूर्ति व्यवस्था पर पड़ रहे असर को गंभीरता से लेते हुए चेयरमैन सुधीर गर्ग “गुड्डू” ने संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा कर हालात का जायजा लिया।
बिजली कटौती से पेयजल व्यवस्था प्रभावित होने और नागरिकों की बढ़ती परेशानियों को देखते हुए चेयरमैन ने अधिशासी अधिकारी रामसेवक राम, उपखंड अधिकारी अरविंद कुमार और अवर अभियंता विकास विश्वकर्मा के साथ विस्तृत चर्चा की। बैठक में विद्युत आपूर्ति बहाल करने, जलापूर्ति को नियमित बनाए रखने और जनता को राहत पहुंचाने के उपायों पर मंथन किया गया।
चेयरमैन सुधीर गर्ग ने कहा कि तपती गर्मी में बिजली और पानी दोनों ही आमजन की बुनियादी जरूरत हैं। ऐसे समय में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था सीधे जनता को प्रभावित करती है। उन्होंने अधिकारियों से समन्वय बनाकर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर पंचायत प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जनता को राहत दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।





















