विद्यालयों में परिवहन सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन के दिए गए निर्देश
अलीगढ़। विद्यालयों में सड़क दुर्घटनाओं से बचाव और विद्यालयी परिवहन सुरक्षा मानकों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सोमवार को बीआरसी लोधा पर विशेष जन-जागरूकता अभियान के तहत बैठक आयोजित की गई। बैठक जिलाधिकारी अविनाश कुमार के निर्देशों के क्रम में संपन्न हुई।बैठक की अध्यक्षता करते हुए पुलिस अधीक्षक यातायात प्रवीण कुमार ने सभी विद्यालय प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों और ग्राम प्रधानों को निर्देश दिए कि प्रत्येक विद्यालय में परिवहन सुरक्षा समिति का गठन अनिवार्य रूप से किया जाए तथा उसकी नियमित बैठकें आयोजित कर अभिलेख संधारित किए जाएं।उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवहन में प्रयुक्त सभी वाहनों की फिटनेस वैध होना जरूरी है और इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विद्यालय प्रबंधन की होगी। साथ ही स्कूली वाहनों के चालकों का पुलिस विभाग से चरित्र सत्यापन अनिवार्य रूप से कराया जाए।एसपी ट्रैफिक ने निर्देश दिए कि सभी विद्यालयी वाहनों में सीसीटीवी कैमरे, फर्स्ट एड बॉक्स और अग्निशमन यंत्र अनिवार्य रूप से लगाए जाएं तथा उन्हें क्रियाशील अवस्था में रखा जाए।जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. पूरन सिंह ने बताया कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद छात्र-छात्राओं और अभिभावकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए विद्यालयों में विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने विद्यालय प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को स्कूलों के सामने “आगे स्कूल है, कृपया धीरे चलें” का साइन बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए।बैठक में कहा गया कि यातायात नियमों का उल्लंघन दंडनीय अपराध है और सुरक्षा मानकों के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।अंत में उपस्थित सभी लोगों ने “समझदार बनें, सुरक्षित रहें” का संकल्प लिया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी लोधा रामशंकर कुरिल, ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर विजय प्रकाश सिंह, जिला व्यायाम शिक्षक एवं जिला समन्वयक सड़क सुरक्षा अभियान समिति सुशील कुमार शर्मा सहित क्षेत्र के बेसिक, माध्यमिक, मान्यता प्राप्त, वित्तपोषित और परिषदीय विद्यालयों के प्रबंधक, प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक एवं ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।





















