अलीगढ़, जून 2026। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया, जिसे विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक देखा। कार्यक्रम में शिक्षा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश स्तर पर टॉप-10 में स्थान प्राप्त करने वाले 1682 मेधावी छात्र-छात्राओं, प्रधानाचार्यों और अभिभावकों को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सार्थक प्रयास हमेशा सुखद परिणाम देते हैं और परिश्रम व ईमानदारी ही सफलता का मूल मंत्र है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष टॉप-10 सूची में छात्राओं की संख्या अधिक होना समाज के लिए सकारात्मक संकेत है। माता-पिता का त्याग, शिक्षकों का मार्गदर्शन और विद्यार्थियों का परिश्रम उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है।जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती विजय सिंह ने कहा कि प्रदेश में नकलविहीन और शुचितापूर्ण परीक्षा व्यवस्था स्थापित होने से प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिला है। विधान परिषद सदस्य चौधरी ऋषिपाल सिंह ने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर एकाग्रता के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। एमएलसी डॉ. मानवेन्द्र प्रताप सिंह ने समय प्रबंधन को सफलता की कुंजी बताते हुए कहा कि पुस्तकें जीवन की सच्ची साथी हैं।जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यार्थियों से तकनीक का सकारात्मक उपयोग करने और पुस्तकों को अपना मित्र बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बोर्ड और प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रकृति अलग होती है, इसलिए विद्यार्थियों को अवधारणात्मक अध्ययन पर विशेष ध्यान देना चाहिए। शिक्षकों से रटने की प्रवृत्ति के बजाय समझ और सीखने की संस्कृति विकसित करने का आग्रह भी किया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. पूरन सिंह ने बताया कि जिले में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में 1,01,556 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें 96,784 ने परीक्षा दी और 80,302 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए।
जिले के मेधावियों को मिला सम्मान
हाईस्कूल के मेधावी विद्यार्थियों आयुष वार्ष्णेय, करन कुमार, बुधेन चौधरी, दीपेश कुमार, रेनू यादव, साध्वी, कृष्टी, जतिन यादव, श्रद्धा और सृष्टि तथा इंटरमीडिएट के मेधावी छात्र-छात्राओं गगन शर्मा, दीक्षा शर्मा, माही, चंचल, प्रेक्षा उपाध्याय, भावना, कुलदीप सिंह, कुंज कुमार, हेमंत कुमार, प्राची गोयल, साक्षी और टीनू को प्रशस्ति पत्र, मेडल और 21-21 हजार रुपये के प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए गए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार, जॉइंट मजिस्ट्रेट आयुष जायसवाल, संयुक्त निदेशक माध्यमिक शिक्षा मनोज गिरि, सह जिला विद्यालय निरीक्षक राजकिशोर, मनोज कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक और मेधावी विद्यार्थी उपस्थित रहे।





















