दैनिक जिला नज़र संवाददाता
फतेहपुर सीकरी/आगरा। थाना क्षेत्र के ग्राम कराही में बीती रात तेज आंधी, तूफान और बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक प्राचीन शिव मंदिर का गुंबद क्षतिग्रस्त हो गया। मंदिर के दरवाजे भी उखड़कर दूर जा गिरे। हालांकि मंदिर के भीतर स्थापित शिवलिंग एवं पूजा स्थल पूरी तरह सुरक्षित रहे, जिससे ग्रामीणों में आश्चर्य और श्रद्धा का भाव देखा गया।

जानकारी के अनुसार रात में तेज गर्जना के साथ मौसम खराब था। ग्रामीणों ने जोरदार धमाके की आवाज सुनी। सुबह जब मंदिर की देखरेख करने वाले लोग मौके पर पहुंचे तो मंदिर के गुंबद का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त मिला तथा दरवाजे उखड़े हुए पाए गए।
ग्रामीणों का कहना है कि आकाशीय बिजली काफी देर तक क्षेत्र में सक्रिय रही और इसके बाद मंदिर पर यह घटना हुई। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
मंदिर के भीतर स्थित शिवलिंग एवं पूजा स्थल को किसी प्रकार की क्षति न पहुंचने से श्रद्धालु इसे आश्चर्यजनक घटना मान रहे हैं। सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया।
बिल्ड फॉर सक्सेस डिग्री कॉलेज के प्रबंधक विश्वेंद्र सरपंच व ग्राम प्रधान शिशु ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने से मंदिर के गुंबद और दरवाजों को नुकसान पहुंचा है, जबकि मंदिर के अंदर स्थित शिवलिंग एवं पूजा स्थल सुरक्षित हैं। उन्होंने प्रशासन से मंदिर की मरम्मत एवं संरक्षण के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।





















