दैनिक जिला नज़र संवाददाता
कागारौल/आगरा। कागारौल थाना क्षेत्र के गांव नगला जसोला में चल रही श्रीमद् भागवत कथा के पांचवें दिन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला।
व्यास पीठ से संगीतमय कथा का रसपान कराते हुए प्रख्यात कथा वाचक राष्ट्रीय संत विनोद महाराज ने बालकांड व सीता स्वयंवर का प्रसंग भावपूर्ण वर्णन किया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भाव विभोर हो उठे।
कथा वाचन के दौरान कथा वाचक ने बताया कि भगवान श्रीराम द्वारा शिव धनुष भंग करने के बाद जनकपुरी में हर्ष की लहर दौड़ गई थी। जैसे ही कथा में जगत जननी माता सीता ने भगवान श्रीराम के गले में जयमाला डाली, पूरा कथा पंडाल “जय श्रीराम” के उद्घोष से गूंज उठा। श्रद्धालु भजन-कीर्तन की धुन पर झूमने और थिरकने लगे।
व्यास जी ने अपने प्रवचन में कहा कि भगवान राम का जीवन मर्यादा, त्याग और आदर्शों की प्रेरणा देता है। कथा के माध्यम से उन्होंने लोगों को धर्म, संस्कार और मानवता का संदेश दिया।
इस दौरान भागवत कथा आयोजक तेज सिंह चाहर, रमेश चंद चाहर, मानपाल सिंह, विजय सिंह, वीरेंद्र सिंह समेत सुनील सरपंच, मनोज चाहर, प्रमेंद्र फौजदार, संतोष प्रधान, सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण किया। कार्यक्रम के अंत में आरती एवं प्रसाद वितरण किया गया।





















