दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। भारत सरकार द्वारा संचालित जनगणना 2026 का कार्य इन दिनों जोर-शोर से चल रहा है। इस बार जनगणना पूरी तरह पेपरलेस तरीके से किए जाने का दावा किया गया है।
इसके तहत एचएलओ एप के माध्यम से पहले चरण में मकान गणना और दूसरे चरण में जनगणना का कार्य किया जाएगा। हालांकि जनगणना कार्य में लगाए गए शिक्षकों ने तकनीकी समस्याओं को लेकर चिंता जताई है।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ आगरा के पदाधिकारियों ने बताया कि जनगणना के लिए निर्धारित एप्लीकेशन केवल 4जीबी रैम और 64जीबी स्टोरेज वाले स्मार्ट डिवाइस पर ही सुचारु रूप से कार्य कर रही है, जबकि सरकार द्वारा परिषदीय विद्यालयों में जो टैबलेट उपलब्ध कराए गए हैं, उनमें केवल 2जीबी रैम और 32 जीबी स्टोरेज है। ऐसे में ये टैबलेट अब पुराने और तकनीकी रूप से कमजोर साबित हो रहे हैं।
संघ के ब्लॉक उपाध्यक्ष दिव्यांशु तिवारी एवं प्रांतीय संगठन मंत्री बृजेश दीक्षित ने कहा कि मौजूदा टैबलेट में एप सही तरीके से संचालित नहीं हो पा रही है। टैबलेट बार-बार हैंग हो रहे हैं, जिससे जनगणना कार्य प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।
उन्होंने शासन से मांग की है कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य को सफल बनाने के लिए शिक्षकों को आधुनिक तकनीक वाले नए डिवाइस उपलब्ध कराए जाएं, ताकि कार्य समयबद्ध और सुचारु रूप से पूरा हो सके।





















