दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर कस्बा स्थित मीरा गार्डन में क्षत्रीय महासभा द्वारा विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न संगठनों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। दिनभर चले इस सेवा अभियान में कुल 90 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा नेता राहुल सिसोदिया ने रक्तदान कर किया। इससे पहले अतिथियों ने महाराणा प्रताप के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। शिविर में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम भदौरिया मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम भदौरिया ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन त्याग, स्वाभिमान और समाज सेवा की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है, क्योंकि इससे किसी जरूरतमंद को नया जीवन मिलता है। समाज के युवाओं को ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।
भाजपा नेता राहुल सिसोदिया ने कहा कि मानव सेवा ही सच्ची राष्ट्र सेवा है। उन्होंने कहा कि आज के समय में रक्त की आवश्यकता लगातार बढ़ रही है और ऐसे शिविर जरूरतमंद मरीजों के लिए बेहद सहायक साबित होते हैं। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने का आह्वान किया।
शिविर में पूर्व विधायक जितेंद्र वर्मा, बबिता चौहान, अंकित चौहान फतेहाबाद नगर मंडल अध्यक्ष अंकित गुप्ता विपुल लोहिया, सूरज जादौन, संजय और केपी सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। क्षत्रीय महासभा के पदाधिकारियों ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।





















