दैनिक जिला नगर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। निबोहरा थाना क्षेत्र के गांव सलेमपुर धनगर निवासी युवक का शव पेड़ पर लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
शुक्रवार रात करीब नौ बजे निबोहरा पुलिस को सूचना मिली कि कुतकपुर गोला स्थित एक ट्यूबवेल के पास पेड़ पर युवक का शव लटका हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। जांच के दौरान मृतक की पहचान रामबरन निवासी सलेमपुर धनगर के रूप में हुई।
घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव सलेमपुर धनगर निवासी 25 वर्षीय रामबरन पुत्र अतर सिंह का गुरुवार को अपने छोटे भाई से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद वह घर से अहमदाबाद जाने की बात कहकर निकल गया। बताया गया है कि रामबरन गुजरात के अहमदाबाद में चश्मा कारीगर के रूप में कार्य करता था।
प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार गौतम ने बताया कि युवक का शव पेड़ पर लटका मिला था। परिजनों ने बताया कि भाई से कहासुनी होने के बाद वह गुजरात के लिए जाने की बात कहकर गुरुवार शाम को कपड़े लेकर निकला था।
संभवतः उसने उसी रात गमछा से पेड से लटककर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।





















