जिला नजर संवाददाता
हाथरस। शहर की अनाज मंडी में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है, जहां अज्ञात चोर दुकान का ताला तोड़कर करीब ढाई लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए।
घटना से व्यापारियों में हड़कंप मच गया है। पीड़ित व्यापारी अरुण अग्रवाल ने मामले की शिकायत थाना हाथरस गेट में दी है। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।

पुलिस के अनुसार, तहरीर के आधार पर थाना हाथरस गेट में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। घटना के शीघ्र अनावरण और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर दिया गया है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। दिनदहाड़े हुई इस चोरी की घटना ने बाजार में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं व्यापारियों में भय का माहौल बना हुआ है।





















