दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। फतेहाबाद क्षेत्र के रिहावली-फतेहाबाद मार्ग स्थित जरारी मोड़ के पास बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत सहायता के लिए दौड़ पड़े।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवीर पुत्र पप्पू लाल निवासी सिलावली तथा अवनेश पुत्र मुकट सिंह निवासी नगला मावई एक ही बाइक पर सवार होकर फतेहाबाद अपनी मोबाइल दुकान पर जा रहे थे।
बताया गया है कि जैसे ही दोनों युवक जरारी मोड़ के पास पहुंचे, तभी अचानक बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई और दोनों सड़क पर गिर पड़े। हादसा इतना तेज था कि दोनों युवकों को गंभीर चोटें आईं।
घटना को देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को संभाला। ग्रामीणों द्वारा तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे के बाद कुछ देर के लिए मार्ग पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि जरारी मोड़ काफी खतरनाक है और यहां पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। मोड़ पर सड़क संकरी होने, तेज रफ्तार वाहनों और फिसलन के कारण दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है।





















