जिला नजर संवाददाता
एटा। जिले में आज एक महत्वपूर्ण शैक्षिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें “हिन्दुस्तान ओलंपियाड – 2025” के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
जिला पंचायत परिसर स्थित जनेश्वर मिश्र सभागार में आयोजित इस समारोह में जिलाधिकारी एटा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा एवं मा0 जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। मंच से अधिकारियों ने छात्रों को लक्ष्य निर्धारित कर कड़ी मेहनत करने, अनुशासन बनाए रखने और निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने भी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन प्रतिभाओं को पहचान दिलाने के साथ-साथ अन्य छात्रों को भी प्रेरित करते हैं। समारोह में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं शिक्षक उपस्थित रहे, जिससे कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा।





















