• गोविन्द पाराशर– संवाददाता आगरा
आगरा। जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक में व्यापारियों ने कई समस्याएं रखीं।पर्यटकों के घूमने-फ़िरने की जगहें बैठक में गढ़ी महासिंह सब-स्टेशन, एत्मादपुर से जुड़ी औद्योगिक इकाइयों को रास्ते में विद्युत लाइन से पेड़ों की टहनियों के संपर्क से विद्युत आपूर्ति में आ रही समस्याओं, लाइन ट्रिपिंग के सम्बन्ध में प्रकरण को रखा गया।
जिलाधिकारी ने वन विभाग को पेड़ों की छटाई की अनुमति हेतु अग्रिम कार्यवाही सुनिश्चित कराने तथा विद्युत विभाग को उक्त 06 किमी क्षेत्र में इंसुलेटेड केबल का प्रस्ताव विभाग के बिजनेस प्लान में शामिल कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में फाउण्ड्री नगर स्थित भूमि (कार्यशाला) पर सैटेलाइट बस स्टेशन से बसों के संचालन के सम्बन्ध में क्षेत्रीय प्रबन्धक, राज्य सड़क परिवहन निगम ने बताया कि फाउंड्री नगर, सैटेलाइट बस स्टेशन कार्य पूर्ण है जल्द ही लोकार्पण की कार्यवाही संपन्न की जाएगी।
बैठक में भगवान टॉकीज व अबु लउल्लाह दरगाह, वाटरवर्क्स पर रोडवेज तथा प्राइवेट बसों के अनाधिकृत ठहराव से लगने वाले जाम की समस्या को रखा गया।
जिलाधिकारी ने एसीपी ट्रैफिक तथा एक एसीएम द्वारा भौतिक निरीक्षण कर रिपोर्ट देने, बस ड्राइवर व चालकों के विरुद्ध चालान तथा जागरूकता की प्रभावी कार्यवाही करने एवं अन्य राज्यों की बसों का ठहराव वहां न हो इस हेतु पत्र व्यवहार करने तत्पश्चात चालान, जुर्माने की प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
बैठक में टेढ़ी बगिया से चार पुलिया तक निर्मित किए जा रहे बड़े नाले के निर्माण में अव्यवस्था, औद्योगिक आवागमन अवरूद्ध होने एवं वैकल्पिक व्यवस्था न होने के सम्बन्ध में प्रकरण को रखा गया, जिलाधिकारी ने नगर निगम के अधिकारियों को तलब किया जिसमें बताया गया कि 55 लाख की राशि का उक्त कार्य हेतु आगणन की कार्यवाही की गई है वित्तीय स्वीकृत मिलते ही कार्य संपन्न कराए जाएंगे।
बैठक में यूपीएस आईडीए द्वारा विकसित फ़ाउंड्री नगर औद्योगिक क्षेत्र में E-29 से E-22 तक रोड साइड नाली निर्माण न होने, जल निकासी के अभाव एवं सड़क क्षति के सम्बन्ध में प्रकरण में बताया गया कि कार्य प्रगति पर है शीघ्र ही पूर्ण कर लिया जाएगा।
बैठक में मैसर्स एटी इम्पैक्स, सी-3, साईट-सी, औद्योगिक क्षेत्र, सिकन्दरा, आगरा के सामने ग्रामीणों द्वारा अनाधिकृत कब्जा किये जाने के प्रकरण को प्रमुखता से उठाया गया, जिलाधिकारी ने संबंधित से जवाब तलब किया जिसमें बताया गया कि उक्त भूमि आबादी क्षेत्र है या यूपीसीडा की इस हेतु पैमाइश की जानी है।
जिलाधिकारी ने एसडीएम सदर तथा यूपीसीडा के अधिकारियों की टीम द्वारा पैमाइश करने तथा यूपीसीडा के ले आउट के आधार पर अवैध अतिक्रमण हेतु नोटिस देने तत्पश्चात अवैध अतिक्रमण निर्माण हटाने के निर्देश दिए।
बैठक में भगवती बाग, फाउण्ड्री नगर औद्योगिक क्षेत्र में सडक नाली निर्माण कराए जाने के सम्बन्ध में प्रकरण को रखा गया।
शासनादेश के अन्तर्गत प्रदत्त स्टाम्प ड्यूटी छूट का लाभ उद्यमियों द्वारा अपने रक्त संबंध में यूपीसीडा द्वारा सम्पत्ति हस्तान्तरण रजिस्ट्री के समय न दिये जाने के सम्बन्ध में प्रकरण भी रखा गया। बैठक में इन्वेस्टर्स समिट और निवेश मित्र पोर्टल संबंधी विषयों पर भी चर्चा हुई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन आजाद भगत सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक धीरेंद्र सिंह, अपर नगरायुक्त शिशिर कुमार, सीएफओ देवेंद्र सिंह, उपायुक्त उद्योग शैलेन्द्र सिंह, जिला उद्योग बंधु समिति के सदस्य मौजूद रहे।























