जिला नजर संवाददाता
बाह/आगरा। जनपद में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बाह क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 990 लीटर संदिग्ध खाद्य तेल सीज किया। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।
उपजिलाधिकारी संतोष कुमार शुक्ला के नेतृत्व में टीम ने थाना खेड़ा राठौर के ग्राम पुरा भगवान स्थित एक प्रतिष्ठान पर छापेमारी की। जांच के दौरान वहां 622 लीटर राइस ब्रान ऑयल और 372 लीटर सरसों का तेल भंडारित मिला। मिलावट की आशंका के चलते दोनों तेलों के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए गए।
कार्रवाई में करीब 1.33 लाख रुपये मूल्य का कुल 990 लीटर खाद्य तेल सीज कर विधिक प्रक्रिया के तहत कारोबारी की अभिरक्षा में रखा गया है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में खाद्य सुरक्षा को लेकर अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।























