मथुरा। जनपद मथुरा के थाना बरसाना का वार्षिक निरीक्षण अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सुरेश चंद्र रावत द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपनिरीक्षकों एवं अन्य पुलिसकर्मियों के कार्यों की समीक्षा करते हुए “यक्ष” ऐप पर अपराधियों के सत्यापन को अद्यतन करने के निर्देश दिए।एएसपी ग्रामीण ने थाना परिसर में खड़े लावारिस एवं अन्य वाहनों को नियमानुसार नीलाम करने, थाने में मरम्मत एवं रंगाई-पुताई का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही हिस्ट्रीशीटर व अन्य सूचीबद्ध अपराधियों की सघन निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।निरीक्षण के दौरान मिशन शक्ति केंद्र, सीसीटीवी कंट्रोल रूम, विवेचना कक्ष, थाना कार्यालय व मालखाने का भी जायजा लिया गया। उन्होंने संबंधित अभिलेखों को अद्यतन रखने और सभी आवश्यक कार्यवाहियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।इसके अलावा लाडली जी मंदिर की ओर जाने वाले मार्गों पर अतिक्रमण हटवाकर श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने तथा सीसीटीवी कवरेज बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए।इस मौके पर क्षेत्राधिकारी गोवर्धन अनिल कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक गोवर्धन अश्विनी कुमार सहित बरसाना थाना पुलिस टीम मौजूद रही।

























