मथुरा। थाना बलदेव पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई में महिला हत्या के मामले का खुलासा करते हुए दो वांछित आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस, घटना में प्रयुक्त कार व अन्य सामान बरामद हुआ है।पुलिस के अनुसार, 13 अप्रैल को यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक अज्ञात महिला का शव मिला था, जिसकी पहचान बाद में कर ली गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने व चोटों से मौत की पुष्टि हुई। जांच में सामने आया कि मृतका की हत्या उसके प्रेमी ब्रजेश कुमार ने अपने साथी विकास के साथ मिलकर की थी।बताया गया कि मृतका शादी का दबाव बना रही थी और गर्भवती थी, जिससे परेशान होकर आरोपियों ने गला दबाकर व हथियारों से हमला कर हत्या कर दी और शव को एक्सप्रेस-वे की नाली में फेंक दिया।
21 अप्रैल की रात पुलिस ने कंजौलीघाट अंडरपास के पास मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।























