दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। सोमवार देर रात आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि यात्रियों को मामूली चोटें आईं। दोनों घटनाओं में समय रहते राहत कार्य होने से बड़ा हादसा टल गया।
पहली घटना एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 33+500 (एलएचएस) पर रात करीब 12:10 बजे हुई। पुष्कर से लखनऊ जा रही टाटा क्वालिस का पिछला टायर फटने से गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
वाहन चालक सोनू पुत्र कैलाश पांडे निवासी यश नगर, थाना मडियाव लखनऊ के साथ गाड़ी में करीब 10 बच्चे सवार थे, जिनकी उम्र 12 से 15 वर्ष के बीच बताई गई है। हादसे के बाद बच्चों में चीख-पुकार मच गई, लेकिन सभी सुरक्षित रहे।
सूचना पर यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी सुधीश शुक्ला व चौकी प्रभारी लुहारी देवेंद्र कुमार टीम सहित मौके पर पहुंचे और सभी सवारियों को रोडवेज बस से गंतव्य के लिए रवाना कराया।
दूसरी घटना एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 2+600 पर हुई, जहां एक कार और एंबुलेंस में टक्कर हो गई। कार चालक मोनू पुत्र नरेश निवासी मंगलपुर कानपुर देहात अपने साथियों के साथ कानपुर से नोएडा जा रहा था।
इसी दौरान पीछे से आ रही एंबुलेंस, जिसे शिवम पुत्र राजेश निवासी बकेवर इटावा चला रहा था, ने कार में टक्कर मार दी। एंबुलेंस में मदन पुत्र अवधेश भी सवार थे। टक्कर से दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और सभी सवारियों को हल्की चोटें आईं।
सूचना मिलते ही यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी सुधीश शुक्ला व चौकी प्रभारी नदौता अनुज कुमार नागर टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को निजी एंबुलेंस से आगरा के अस्पताल भेजा गया।























