जिला नजर संवाददाता
अलीगढ़। अलीगढ़ में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए एसपी सिटी आदित्य बंसल की अगुवाई में देर रात सघन पैदल गश्त और चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रवीन कुमार सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा।

पुलिस टीम ने गांधीपार्क बस अड्डा, सासनी गेट चौराहा, सेंटर प्वाइंट, मैरिस रोड और रामघाट रोड समेत शहर के प्रमुख इलाकों में गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस की सक्रियता से आमजन में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा।
अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते हुए 9 लोगों को मौके से पकड़ा गया। सभी के खिलाफ थाना क्वार्सी में धारा 34 के तहत कानूनी कार्रवाई की गई।
एसपी सिटी आदित्य बंसल ने स्पष्ट कहा कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है और शहर में शांति एवं सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें और जिम्मेदार नागरिक बनकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।























