जिला नजर ब्यूरो चीफ संजय भारद्वाज
अलीगढ़। अलीगढ़ में सफाई व्यवस्था को आधुनिक और प्रभावी बनाने के लिए नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। करीब 1.5 करोड़ रुपये की लागत से वेट और ड्राई सक्शन मशीनें खरीदी गई हैं, जो अब शहर की सड़कों पर 18 से 19 घंटे तक लगातार सफाई करेंगी।
महापौर प्रशांत सिंघल और नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने इन मशीनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दावा है कि इन आधुनिक मशीनों से कच्ची सड़कों और मुश्किल इलाकों में भी अब आसानी से सफाई हो सकेगी।
नगर निगम के अनुसार, ये वेट और ड्राई सक्शन मशीनें वैक्यूम तकनीक पर आधारित हैं, जो धूल, कचरा और गंदगी को सीधे खींचकर अलग-अलग टैंकों में जमा करती हैं। इससे सड़कों पर उड़ने वाली धूल और जमा कचरे की समस्या में काफी हद तक कमी आने की उम्मीद है।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि इन मशीनों के संचालन के लिए विशेष रूट प्लान तैयार किया गया है। सुबह 8 बजे से रात 3 बजे तक, यानी करीब 19 घंटे तक ये मशीनें शहर के चारों जोन में लगातार सफाई करेंगी।
महापौर प्रशांत सिंघल ने कहा कि मुख्यमंत्री की प्रेरणा से शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। आने वाले समय में और भी आधुनिक संसाधन जोड़े जाएंगे, ताकि सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।
अब देखना होगा कि नगर निगम की यह पहल जमीनी स्तर पर कितनी सफल साबित होती है, लेकिन फिलहाल शहरवासियों को एक साफ-सुथरे अलीगढ़ की उम्मीद जरूर जगी है।























