जिला नजर संवाददाता
अलीगढ़। अलीगढ़ के थाना बन्ना देवी क्षेत्र के मलखान सिंह इलाके में बच्चा उठाने के शक में एक मंदबुद्धि महिला के साथ भीड़ द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि स्थानीय लोगों ने महिला पर बच्चा उठाने का शक जताते हुए उसे पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा।
अस्पताल पहुंचने पर महिला ने हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान एक पुलिसकर्मी द्वारा घायल महिला को खींचकर ले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसे लेकर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना की सत्यता और वायरल वीडियो की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।























