जिला नजर ब्यूरो चीफ संजय भारद्वाज
अलीगढ़। अलीगढ़ के गूलर रोड पर देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे को लेकर नगर निगम का पक्ष सामने आया है। नगर निगम के अनुसार, रात करीब 1:30 से 2:00 बजे के बीच हुए इस हादसे में स्कूटी सवार की मौत बेहद दुखद है, लेकिन प्रारंभिक जांच में दुर्घटनास्थल पर किसी प्रकार का गड्ढा नहीं पाया गया।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि सड़क का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और मौके पर केवल कलवट से संबंधित कार्य चल रहा था। उन्होंने कहा कि हादसा सड़क की खराब स्थिति के कारण नहीं, बल्कि वाहन चालक की लापरवाही से हुआ प्रतीत होता है।
जानकारी के अनुसार, स्कूटी सवार तेज रफ्तार में था और उसने हेलमेट नहीं पहना हुआ था। अचानक ब्रेक लगाने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और वह सड़क पर गिर पड़ा। हेलमेट न होने के चलते सिर सीधे पत्थर से टकराया, जिससे उसे गंभीर चोट आई और उसकी मौत हो गई।
इस घटना के बाद सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग करें और गति सीमा का पालन करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।























