जिला नजर ब्यूरो चीफ संजय भारद्वाज
गोरई/इगलास/अलीगढ़। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से अलीगढ़ पुलिस के मनीष कुमार मिश्रा द्वारा थाना गोरई व इगलास का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने थानों की व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लेते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव, मालखाना, हवालात, बैरक, महिला हेल्प डेस्क, भोजनालय सहित सभी व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा गया।
इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की भी जांच की गई, ताकि थाने की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रहे और हर गतिविधि पर निगरानी रखी जा सके।
पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से जन शिकायतों के निस्तारण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थाने पर आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुना जाए और उसका त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उन्हें शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस कर्मियों को अनुशासन, समयपालन और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने की हिदायत दी गई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कार्य में पारदर्शिता बनाए रखना अनिवार्य है।
इस औचक निरीक्षण से पुलिस विभाग में सक्रियता देखने को मिली और अधिकारियों-कर्मचारियों को अपने कार्यों के प्रति अधिक जिम्मेदार और सजग रहने का संदेश मिला।























