दैनिक जिला नगर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। फतेहाबाद थाना क्षेत्र के गढ़ी सावराय गांव में मंगलवार सुबह बिजली के करंट की चपेट में आने से 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार गढ़ी सावराय निवासी उमेश कुशवाहा (28) पुत्र पप्पू मंगलवार सुबह करीब छह बजे अपने घर के बाहर दांतों पर ब्रश कर रहा था। इसी दौरान अचानक घर के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की केबल में फॉल्ट हो गया। केबल के संपर्क में आने से उमेश को तेज करंट लग गया और वह गंभीर रूप से झुलसकर मौके पर ही गिर पड़ा।
हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। उमेश की हालत गंभीर देख परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर इंस्पेक्टर विनोद कुमार मिश्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए परिजनों से घटना की जानकारी ली।
पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गया उमेश
उमेश की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक के परिवार में पत्नी शिवानी, बेटा दिव्यम और बेटी मायरा हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से गांव में भी शोक की लहर है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को उचित मदद दिलाने की मांग की है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
इस मामले को क्षेत्रीय विधायक छोटेलाल वर्मा सपा नेत्री रूपाली दीक्षित मौके पर पहुंची इस दौरान विधायक ने कहा कि मृतक के परिजनों को ₹500000 की आर्थिक सहायता साथ ही ₹30000 परिवार एक लाभ योजना के तहत दिए जाएंगे इसके अतिरिक्त मृतक के छोटे भाई को संविदा कर्मी के तौर पर विद्युत विभाग में नोकरी दी जाएगी।
सपा नेत्री रूपाली दीक्षित ने मांग की जिन जिन गांवों में लाइन शिफ्टिंग की एप्लीकेशन विद्युत विभाग के पास पेंडिंग हैं उन पर शीघ्र ही कार्यवाही कर लाइन शिफ्टिंग की जाए जिससे इस तरह की घटना की पुनरावृति न हो





















