जिला नजर संवाददाता
अलीगढ़। भाजपा नेता एवं महर्षि वाल्मीकि सेना के प्रदेश अध्यक्ष विक्रम जीनवाल वाल्मीकि ने नगर निगम सेवा भवन पहुंचकर नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा से मुलाकात की और महानगर की विभिन्न जनसमस्याओं से अवगत कराया।
उन्होंने बताया कि वार्ड संख्या 41 के मोहल्ला मिथिलापुरी में खाटू श्याम मंदिर के सामने वाली गली में जलभराव व कीचड़ की समस्या के कारण स्थानीय लोगों, विशेषकर बुजुर्गों और महिलाओं को आवागमन व पूजा-पाठ में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने उक्त गली में सीसी सड़क व नाली निर्माण कराने की मांग की।
इसके साथ ही वार्ड संख्या 42 के रसलगंज वाल्मीकि बस्ती में विष्णु वाल्मीकि के मकान से बॉबी कुमार के मकान तक करीब 16 मीटर गली में सीसी सड़क व नाली निर्माण कराने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पूर्व में भी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक कार्य नहीं हुआ है।
भाजपा नेता ने रसलगंज स्थित हीरो शोरूम के पास मलूकचंद धर्मशाला के सामने डिवाइडर पर स्ट्रीट लाइट न होने से अंधेरा रहने की समस्या भी उठाई और वहां लाइट व खंभे लगवाने की मांग की। साथ ही वार्ड 41 क्यामपुर व रसलगंज वाल्मीकि बस्ती में फॉगिंग कराने की मांग भी की।
इस पर नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने आश्वासन दिया कि शहर में विकास कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं और जिन स्थानों पर समस्याएं हैं, उनका भी शीघ्र समाधान कराया जाएगा।अंत में विक्रम जीनवाल ने नगर निगम द्वारा अंबेडकर पार्क के सौंदर्यीकरण कार्य की सराहना करते हुए नगर आयुक्त व महापौर का आभार व्यक्त किया।























