45,716 आवेदनों में 7,251 अपात्र, 26,302 का सत्यापन लंबित; डीएम ने दिए निर्देश
जिला नजर संवाददाता
अलीगढ़। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत जिले में हजारों लोगों के अपने घर का सपना साकार होने की दिशा में प्रगति हुई है। जिलाधिकारी संजीव रंजन की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में योजना की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार प्रत्येक जरूरतमंद को आवास उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और यह योजना पक्का मकान उपलब्ध कराने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सत्यापन प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती जाए और कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में प्राप्त कुल 45,716 आवेदनों के सापेक्ष अब तक 12,163 आवेदक पात्र तथा 7,251 अपात्र पाए गए हैं, जबकि 26,302 आवेदनों का सत्यापन अभी लंबित है।
इस पर जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों व अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित आवेदनों का सत्यापन फर्स्ट इन-फर्स्ट आउट के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूर्ण कर पात्रता प्रमाण पत्र सहित पत्रावली डूडा कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए।
परियोजना अधिकारी डूडा कौशल कुमार ने नगर निकायवार प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि शहर क्षेत्र में 14,621 आवेदनों में 2,031 पात्र व 4,179 अपात्र पाए गए हैं। इसी प्रकार अतरौली, बरौली, बेसवां, चण्डौस, छर्रा, गभाना, हरदुआगंज, इगलास, जलाली, जट्टारी, जवां सिकंदरपुर, कौड़ियागंज, खैर, मडराक, पिलखना, पिसावा एवं विजयगढ़ क्षेत्रों में भी पात्र व अपात्र आवेदकों का सत्यापन किया गया है।
बैठक में संबंधित अधिकारीगण एवं सभी अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे।























