जिला नजर ब्यूरो चीफ संजय भारद्वाज
अलीगढ। अलीगढ मे भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के उपलक्ष्य में मंगलवार, को शहर में भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा की शुरुआत अंबेडकर पार्क से हुई, जो कठपुला रेलवे रोड होते हुए शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी।
पूरे मार्ग पर श्रद्धालुओं और आमजन की भारी भीड़ उमड़ी। मेले जैसा माहौल देखने को मिला, जिसमें हजारों की संख्या में बच्चे, बुजुर्ग, युवा और मातृशक्ति की विशेष भागीदारी रही। जगह-जगह लोगों ने शोभायात्रा का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।

शोभायात्रा में डीजे, ढोल-नगाड़े और आकर्षक डोले मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे। बाबा साहब के जीवन और उनके संघर्षों को दर्शाती झांकियों ने सभी का मन मोह लिया तथा समाज में उनके अमूल्य योगदान को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर शहर के कई गणमान्य लोग भी शामिल हुए, जिनमें प्रशांत सिंहल, मानवेंद्र सिंह, मानव महाजन, राकेश सहाय, ललित कांत, पूर्व मेयर शकुंतला भारती एवं एडवोकेट पूनम बजाज सहित अन्य प्रमुख व्यक्तियों की उपस्थिति रही।

पूरे आयोजन के दौरान प्रशासन द्वारा सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे शोभायात्रा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई। यह भव्य आयोजन बाबा साहब के विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का सफल माध्यम बना।























