इगलास /अलीगढ़| जिला नजर |संजय भारद्वाज
श्रीमती विरमा देवी चैरिटेबल सोसायटी द्वारा आयोजित सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन इगलास में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस भव्य समारोह में 11 जोड़े भगवान सीता-राम एवं कृष्ण-रुक्मिणी के स्वरूप में सज-धजकर विवाह बंधन में बंधे।
समारोह में एसडीएम इगलास परितोष मिश्रा की गरिमामयी उपस्थिति में सभी जोड़ों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सात फेरे लिए और कन्यादान की पवित्र रस्म अदा की। एसडीएम परितोष मिश्रा एवं चैरिटेबल सोसायटी के पदाधिकारी भाव-विभोर होकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान करते नजर आए।
सामूहिक विवाह से पहले वर पक्ष द्वारा हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार घुड़चढ़ी की रस्म निभाई गई। इसके बाद सभी वर पंडाल में पहुंचे, जहां सोसायटी के पदाधिकारियों ने ढोल-नगाड़ों एवं पुष्पमालाओं से उनका भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम में सभी अतिथियों एवं बारातियों के लिए भोजन की समुचित व्यवस्था की गई थी। साथ ही, चैरिटेबल सोसायटी की ओर से नवविवाहित जोड़ों को दहेज एवं अन्य उपयोगी घरेलू वस्तुएं भी भेंट की गईं।
इस अवसर पर रग्घा सेट चम-चम वाले के सुपुत्र दिनेश कुमार, पवन कुमार, ऋषभ अग्रवाल, जितिन कुमार, विपिन कुमार, सुमित अग्रवाल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।





