फतेहाबाद/आगरा: पशुपालन विभाग द्वारा ग्राम पंचायत चमरौली में खुरपका–मुंहपका (एफएमडी) रोग की रोकथाम के लिए निशुल्क टीकाकरण अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व इंचार्ज पशु चिकित्सा अधिकारी प्रवीण चौधरी ने किया, जबकि टीकाकरण कार्य डॉ. नरोत्तम गिरी द्वारा संपन्न कराया गया।
अभियान के दौरान गांव के गोवंश एवं भैंसों का खुरपका–मुंहपका का टीकाकरण किया गया। पशु चिकित्सा अधिकारियों ने बताया कि यह रोग अत्यंत संक्रामक और गंभीर है, जिससे पशुओं के खुर व मुंह में छाले पड़ जाते हैं, दुग्ध उत्पादन घटता है और पशुओं की कार्यक्षमता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। समय पर टीकाकरण से इस बीमारी की प्रभावी रोकथाम संभव है।
अधिकारियों ने पशुपालकों से अपील की कि वे अपने सभी पशुओं का नियमित टीकाकरण कराएं तथा बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत पशु चिकित्सक से संपर्क करें। अभियान के दौरान ग्रामीण पशुपालकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की और विभाग की इस पहल की सराहना की।
- रिपोर्ट – सुशील गुप्ता





