गोविंद पाराशर संवाददाता आगरा
खेरागढ़/आगरा। 12 वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नगर पंचायत खेरागढ़ द्वारा गल्ला मंडी समिति परिसर में भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह के समय आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं, बुजुर्गों, युवाओं और बच्चों सहित करीब 200 से 250 लोगों ने एक साथ योगाभ्यास कर स्वास्थ्य, अनुशासन और भारतीय संस्कृति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष सुधीर गर्ग ‘गुड्डू’, उपजिलाधिकारी ऋषि राव, तहसीलदार सतेंद्र कुमार, नायब तहसीलदार हरिशंकर दुबे, अभिषेक कुमार, जिला उपाध्यक्ष राजकुमार कुशवाह, वरिष्ठ पत्रकार महेश गर्ग सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता करते हुए योगासन और प्राणायाम किए। गल्ला मंडी परिसर में सैकड़ों लोगों को एक साथ योग करते देख पूरा वातावरण ऊर्जा, उत्साह और सकारात्मकता से भर गया।
योग प्रशिक्षकों उमेश, लोकेश, संदीप गर्ग, मनीष गर्ग, ज्ञानेश मित्तल, इंदु मित्तल और संजय मित्तल ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया।
प्रशिक्षकों ने योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की भी जानकारी दी। नगर पंचायत अध्यक्ष सुधीर गर्ग ‘गुड्डू’ ने कहा कि योग भारत की प्राचीन परंपरा है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। नियमित योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक तनाव को दूर कर जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी करता है।
उल्लेखनीय है कि गल्ला मंडी समिति परिसर में पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी बड़ी संख्या में लोगों ने योग दिवस में भाग लिया। सामूहिक योग के माध्यम से लोगों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और योग को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ और निरोग समाज की कामना के साथ हुआ।





















