दैनिक जिला नगर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। थाना फतेहाबाद क्षेत्र के मोहल्ला पठान निवासी फतेहाबाद एक युवक ऑनलाइन साइबर ठगी का शिकार हो गया। पीड़ित ने थाना फतेहाबाद में लिखित शिकायत देकर अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहल्ला पठान का निवासी दानिश खान पुत्र यूसुफ खान ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका बैंक खाता संख्या 726510610000088 बैंक ऑफ इंडिया शाखा फतेहाबाद में संचालित है। 22 जून 2026 को सुबह करीब 11:41 बजे उसके मोबाइल पर खाते से धनराशि निकलने के संदेश प्राप्त हुए।
जांच करने पर पता चला कि उसके खाते से दो अलग-अलग ट्रांजैक्शन के माध्यम से ₹49,999 तथा ₹49,000 की राशि निकाल ली गई है।पीड़ित के अनुसार, यह रकम अज्ञात व्यक्तियों द्वारा यूपीआई के जरिए अन्य खातों में ट्रांसफर की गई।
खाते से पैसे निकलने की जानकारी मिलते ही उसने तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई तथा संबंधित बैंक को भी सूचना देकर खाते को सुरक्षित कराने का प्रयास किया।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसने किसी भी व्यक्ति को अपने बैंक खाते की जानकारी, ओटीपी अथवा अन्य गोपनीय विवरण साझा नहीं किए हैं। इसके बावजूद उसके खाते से रकम निकल जाना गंभीर साइबर अपराध की ओर इशारा करता है।थाना फतेहाबाद पुलिस ने प्रार्थना पत्र प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस साइबर सेल की मदद से ट्रांजैक्शन की जानकारी जुटाने और रकम ट्रांसफर होने वाले खातों का पता लगाने में जुटी हुई है। पीड़ित ने प्रशासन से धनराशि वापस दिलाने तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।





















