दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। फतेहाबाद क्षेत्र के ग्राम कोटरा में सोमवार को एक पागल कुत्ते ने आतंक मचाते हुए महिला समेत दो बच्चों को काटकर घायल कर दिया। कुत्ते के हमले से गांव में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोटरा निवासी भगवान देवी पत्नी छोटे लाल सोमवार को घर के बाहर काम कर रही थीं। इसी दौरान एक पागल कुत्ते ने अचानक उन पर हमला कर दिया और उनके पैर पर काटकर घायल कर दिया। ग्रामीणों ने किसी तरह शोर मचाकर कुत्ते को भगाया और भगवान देवी को तुरंत फतेहाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस पागल कुत्ते ने इससे पहले एक बकरी को काट लिया था और बाद में गांव के दो बच्चों पर भी हमला कर उन्हें घायल कर दिया। लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में डर का माहौल है और लोग घर से निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं।
घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से मांग की है कि पागल कुत्ते को पकड़कर गांव से हटाया जाए, ताकि आगे कोई अनहोनी न हो। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा हादसा हो सकता है।





















