दैनिक जिला नगर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। फतेहाबाद के ग्राम पारोली सिकरवार में सोमवार दोपहर राष्ट्रीय पक्षी मोर पर आवारा कुत्तों के हमले से वह घायल हो गया। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए मोर को कुत्तों से बचाकर वन विभाग को सौंप दिया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब 12 बजे गांव के बाहर खेतों के पास मोर दाना चुग रहा था। तभी अचानक गांव के आवारा कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया। कुत्तों ने मोर को घेरकर नोचना शुरू कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।
जानकारी पर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कुत्तों को भगाकर मोर को सुरक्षित बाहर निकाला। ग्रामीणों ने तत्काल फतेहाबाद वन क्षेत्राधिकार कार्यालय को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और घायल मोर को अपने कब्जे में लेकर कार्यालय ले आए।
वन विभाग के अधिकारियों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसका इलाज शुरू कर दिया गया है।
ग्रामीणों ने वन विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना की और कहा कि राष्ट्रीय पक्षी को बचाना हमारा कर्तव्य है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि कहीं भी वन्यजीव घायल या संकट में दिखे तो तुरंत सूचना दें, ताकि समय पर सहायता पहुंचाई जा सके।





















