मुख्यमंत्री ने जनसभा को किया संबोधित, बटन दबाकर कई योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
जिला नजर ब्यूरो चीफ संजय भारद्वाज
अलीगढ़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नुमाइश मैदान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए जनपद को 462 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने बटन दबाकर कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं से अलीगढ़ के आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
कार्यक्रम के दौरान शहर विधानसभा और नगर निगम क्षेत्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। इनमें ताला उद्योग को बढ़ावा देने से संबंधित योजनाएं, किसान सम्मान निधि से जुड़े कार्यक्रम तथा अन्य विकास कार्य शामिल रहे।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट नजर आया। कार्यक्रम स्थल से लेकर वीवीआईपी मार्गों तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। नुमाइश मैदान में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा, जबकि सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी की गई।
जनसभा के लिए विशाल पंडाल, मंच, बैरिकेडिंग, पार्किंग, पेयजल, चिकित्सा सहायता और यातायात प्रबंधन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर भाजपा के प्रभारी मंत्री, राजस्व मंत्री,शिक्षा मंत्री सहित विधायक व सांसद मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं और आमजन में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोग जनसभा में पहुंचे और कार्यक्रम में सहभागिता की।





















