दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। थाना क्षेत्र के ग्राम ईधोन में सोमवार रात्रि एक महिला द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई तथा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच पड़ताल शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार ग्राम ईधोन निवासी मलकों देवी पत्नी सुनील कुमार, उम्र करीब 32 वर्ष ने सोमवार रात्रि करीब 10:30 बजे अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
बताया जा रहा है कि महिला काफी समय से घरेलू कलह और पारिवारिक मतभेदों से परेशान चल रही थी। घटना की जानकारी उस समय हुई जब परिजनों ने महिला को फंदे पर लटका देखा। इसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की। थाना प्रभारी तरुण धीमान ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार मौके पर शांति व्यवस्था कायम है तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।





















