दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। आगरा जनपद के फतेहाबाद तहसील क्षेत्र अंतर्गत निबोहरा क्षेत्र के गांव नीचाखेड़ा के पास स्थित जय गुल्ल वाली मां के दिव्य दरबार में श्रद्धा और आस्था का अनोखा संगम देखने को मिल रहा है।
यहां श्री श्री 108 राम दास महाराज जी पोखरिया वाले बसंत पंचमी से लगातार चिलचिलाती धूप में कठोर तपस्या कर रहे हैं।
बताया गया है कि करीब 44 डिग्री तापमान में महाराज जी प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक तप में लीन रहते हैं और मां जय गुल्ल वाली के चरणों में अपनी साधना समर्पित करते हैं। उनकी यह कठिन तपस्या आगामी दशहरा तक निरंतर जारी रहेगी।
इस संबंध में जानकारी देते हुए समाजसेवी अजेन्द्र सिंह जादौन ने बताया कि महाराज जी बसंत पंचमी से ही निरंतर तेज धूप में तपस्या कर रहे हैं और पूरी श्रद्धा के साथ मां की भक्ति में लीन हैं।
उन्होंने बताया कि महाराज जी की साधना जनकल्याण, सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली के लिए समर्पित है।
दिव्य दरबार में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। “जय माता दी” और “जय गुल्ल वाली मां” के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। श्रद्धालु माता के दर्शन कर महाराज जी का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।





















